अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सीईओ ने ली समीक्षा बैठक

रायपुर। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल, सुव्यवस्थित एवं व्यापक आयोजन के उद्देश्य से आज कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निर्देशानुसार जिला पंचायत परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे राज्यपाल रमेन डेका। स्कूल एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित आमजन करेंगे योग।
कुमार बिश्वरंजन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी विभागों को योग दिवस के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों, नगरीय निकायों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा आमजन को योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आयुष विभाग द्वारा संचालित ‘योग संगम’ पोर्टल (yoga.ayush.gov.in) पर सभी योग कार्यक्रमों की प्रविष्टि दर्ज कराने पर विशेष जोर दिया गया। श्री बिश्वरंजन ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों एवं अधीनस्थ संस्थाओं द्वारा आयोजित योग कार्यक्रमों का पंजीयन पोर्टल पर सुनिश्चित करें, जिससे जिले में होने वाली गतिविधियों का समुचित संकलन किया जा सके।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक अरविंद गेडाम, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, जिला आयुष अधिकारी स्वाति रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




