Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

CRPF ने बरामद किए 14 नक्सल डंप, भारी मात्रा में IED और हथियार जब्त

बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत 199वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने बड़ी सफलता हासिल की है। 5 सितंबर 2026 को सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने एड़ी, हर्री, नयापारा एवं सरपंचपारा पीडिया व कुआपगुड़ा गांवों के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाकर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 14 नक्सल डंप बरामद किए हैं।

प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट-199 वाहिनी आनंद कुमार के मार्गदर्शन एवं उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी 199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने अभियान चलाया। बी 199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका तथा एफ 199 कंपनी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया।

तलाशी के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। बरामद सामान में 7 रायफल, जिसमें 303 बोल्ट एक्शन रायफल 1, भरमार रायफल 5 और 12 बोर देशी रायफल 1, आठ डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, 10 IED, बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट, चार प्लास्टिक कंटेनर और तीन बड़े स्टील कंटेनर शामिल हैं। इसके अलावा IED बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सलियों के कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं बरामद की गई है।

अभियान के दौरान जवानों ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी और चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन किया। बरामद सामग्री नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई थी। उल्लेखनीय है कि एड़ी, हर्री तथा पीडिया कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। CRPF की 199वीं वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम हुआ है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 199वीं वाहिनी द्वारा भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा तथा क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button