सुशासन तिहार के आवेदनों का समय-सीमा में करें निराकरण : कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को सुशासन तिहार के आवेदनों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए हैं। इन आवेदनों का निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित समय के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही निराकृत प्रकरणों की जानकारी आवेदकों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने ई-केवाईसी कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने पात्र परिवारों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
बैठक में धान खरीदी से संबंधित लंबित वसूली प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकाया राशि की वसूली के लिए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो वहां राजस्व वसूली प्रमाण-पत्र (आरआरसी) के माध्यम से वसूली की जाए तथा गंभीर अनियमितता वाले मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
बैठक में रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।




