कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समय-सीमा बैठक में सुशासन तिहार के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज आयोजित समय-सीमा बैठक में सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने जनपद पंचायतों से सिलसिलेवार लंबित प्रकरणों के कारण पूछे तथा त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने जिन विभागों में निराकरण की गति धीमी है, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी तीन दिनों में 90 प्रतिशत निराकरण की दिशा में कार्य करने को कहा।
बैठक में लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने इस माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की पेंशन प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही डेफ अकाउंट्स क्लियर करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से आयुष्मान योजना की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में धान खरीदी की समीक्षा करते हुए उन्होंने पूछा कि कितनी सोसायटियों का धान खरीदी कार्य पूर्ण हो चुका है और कितना शेष है। उन्होंने शेष कार्य कल शाम तक पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनगणना से संबंधित कुछ स्थानों की जानकारी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कलेक्टर डॉ सिंह ने लोक निर्माण विभाग से प्राथमिकता वाली सड़कों की सूची की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर निगम आयुक्त संबित मिश्रा एवं दूसरे कार्यालयों के अधिकारीगण वर्चुअल रूप से तथा जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित शासकीय कार्यालयों के जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक रूप से शामिल हुए।




