Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

कांग्रेस के परिवारवाद के आरोपों पर CM साय का तीखा पलटवार, कहा- परिवारवाद यदि कहीं है तो वह कांग्रेस में है, BJP में हर 3 साल में होते हैं संगठनात्मक चुनाव

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो दिवसीय सरगुजा दौरे से लौटकर रायपुर पहुंच गए हैं। राजधानी आगमन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और विपक्ष के आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे आज ही दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि कल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है, जिसमें भाग लेने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। यह संगठनात्मक प्रक्रिया भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।

कांग्रेस के लगाए परिवारवाद के आरोपों पर तीखा पलटवार

मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान कांग्रेस द्वारा लगाए गए परिवारवाद के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आरोप पूरी तरह असत्य है। मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परिवारवाद यदि कहीं है तो वह कांग्रेस पार्टी में है।

मुख्यमंत्री ने भाजपा की संगठनात्मक संरचना का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी में हर तीन वर्ष में संगठनात्मक चुनाव होते हैं। इन चुनावों के माध्यम से स्थानीय समिति से लेकर मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक दायित्वों में बदलाव किया जाता है। इससे नए कार्यकर्ताओं को आगे आने का अवसर मिलता है और संगठन में निरंतर ऊर्जा व पारदर्शिता बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां पद नहीं बल्कि संगठन और विचारधारा सर्वोपरि है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नेतृत्व का चयन ही भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाता है।

बीजापुर में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सफलता पर कही ये बात

बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट और सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सरकार और सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है और इसके लिए बार-बार चेतावनी देने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा।

गौरतलब है कि बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में 17–18 जनवरी से डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई बार मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक कुल 06 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 04 महिला नक्सली शामिल हैं। मुठभेड़ स्थल से 02 AK-47, 01 INSAS राइफल, 02 .303 राइफल और 01 कार्बाइन सहित कुल 06 ग्रेडेड हथियार भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारे गए माओवादियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात कैडर शामिल हैं। अब तक जिनकी पहचान हुई है, उनमें DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM लक्खी मड़काम और PM राधा मेट्टा शामिल हैं, जबकि शेष दो माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पूरे इलाके में फिलहाल सघन सर्चिंग अभियान लगातार चल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button