मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से 24 घंटे में मिली छन्नू राम यादव को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल
दूसरों पर कम हुई निर्भरता, आवागमन हुआ सुगम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी क्रम में विकासखंड आरंग के ग्राम गोरभाठा निवासी दिव्यांग छन्नू राम यादव को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के मात्र 24 घंटे के भीतर बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।
श्री यादव 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं जिसके कारण दैनिक जीवन, आवागमन तथा आवश्यक कार्यों के निष्पादन में लंबे समय से कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। स्वतंत्र रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में असुविधा होने के कारण उन्हें बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से समाज कल्याण विभाग से सहायता की मांग की।
शिकायत प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रकरण प्राथमिकता देते हुए हितग्राही से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण एवं पात्रता का सत्यापन कर बैटरी चालित ट्राइसाइकिल स्वीकृत करने की प्रक्रिया पूर्ण कर 24 घंटे के भीतर, 01 जुलाई 2026 को श्री यादव को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।
बैटरी चालित ट्राइसाइकिल मिलने से अब श्री यादव अपने दैनिक आवागमन, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं एवं व्यक्तिगत कार्यों को अधिक सहजता के साथ कर सकेंगे। इस सहायता से उनकी दूसरों पर निर्भरता में कमी आएगी तथा जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार होगा।




