Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

जमीन विवाद में हुई मौत से आक्रोशित ग्रामीण ने किया थाना-तहसील का घेराव, बुलडोजर कार्रवाई की कर रहे हैं मांग

कांकेर। जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र के ग्राम पी.व्ही. 27 में जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने पखांजूर थाना और तहसील कार्यालय का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पी.व्ही. 27 में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने रविवार को उग्र रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार पर करीब 10 से 12 लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बृजेश मजूमदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

घायलों में महिला और बुजुर्ग भी शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को पखांजूर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। महिलाओं के साथ मारपीट की खबर से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने पखांजूर थाना और तहसील कार्यालय का घेराव कर दिया।

तहसील कार्यालय के सामने सैकड़ों ग्रामीण धरने पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने आरोपियों की अवैध जमीन पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पखांजूर तहसीलदार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पखांजूर के एएसपी राकेश कुर्रे मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने में जुटे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल, गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है,वहीं पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन हालात को सामान्य करने की कोशिश में जुटा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button