Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

गुढ़ियारी में जलभराव और खुले नालों पर AAP का प्रदर्शन, जोन आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

रायपुर। गुढ़ियारी क्षेत्र में जलभराव, खुली नालियों और असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर निगम जोन क्रमांक-1 के जोन आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं छाया पार्षद डॉ. विजय देवांगन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड क्रमांक 15 और 17 के अंतर्गत गुड मॉर्निंग किराना स्टोर के पास व्याप्त समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।

डॉ. विजय देवांगन ने बताया कि बारिश के दौरान क्षेत्र में भारी जलभराव हो जाता है, जिससे सड़क किनारे बनी गहरी खुली नालियां पानी में डूब जाती हैं। इसके कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और बुजुर्गों के नालियों में गिरकर घायल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थान पर स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर भी लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। ट्रांसफार्मर के आसपास पानी भरने से करंट फैलने की आशंका बनी रहती है और समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।

ज्ञापन में आम आदमी पार्टी ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान, खुली नालियों को मजबूत स्लैब या ढक्कन से ढंकने, बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने, ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी करने तथा संबंधित अधिकारियों से तत्काल स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनहित में जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव (आरटीआई विंग) संजय गुप्ता, जिला महासचिव नरेंद्र ठाकुर, वार्ड 15 के सचिव रामदयाल यादव, वार्ड 16 के अध्यक्ष धनेश्वर नेताम तथा गोविंद दीप सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button