Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

आयुष्मान वय वंदना कार्ड से वरिष्ठ नागरिकों को मिल रही स्वास्थ्य सुरक्षा, विशेष शिविर में 150 से अधिक लोगों का बना आयुष्मान कार्ड

रायपुर।  कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में जैन सेवा समिति, रायपुर के आग्रह पर सदर बाजार स्थित महावीर जैन भवन में विशेष पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आयुष्मान वय वंदना कार्ड का पंजीयन कराया। इस दौरान जैन सेवा समिति के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों सहित 150 से अधिक लोगों के वय वंदना कार्ड बनाए गए।

शिविर में अपना कार्ड बनवाने पहुंचे शंकर नगर निवासी 71 वर्षीय वीरेंद्र कुमार डागा ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अत्यंत संवेदनशील और जनहितकारी योजना है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का भी पूर्ण सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति महंगे इलाज का खर्च वहन नहीं कर पाता, लेकिन इस योजना के माध्यम से 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार मिलने से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं जैन सेवा समिति के सचिव गुलाब दास दस्सानी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने से लोगों को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। यह एक प्रभावी जनकल्याणकारी योजना है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो रही हैं। इसी उद्देश्य से सीएमएचओ कार्यालय से शिविर आयोजन का आग्रह किया गया था, जिससे समाज के अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सका।

स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जिले में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों का वय वंदना कार्ड पंजीयन कार्य निरंतर जारी है। आधार कार्डधारी वरिष्ठ नागरिकों को इस कार्ड के माध्यम से प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक के निःशुल्क स्वास्थ्य उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि जिन हितग्राहियों ने अब तक स्वयं अथवा अपने परिवार के वरिष्ठ नागरिकों का वय वंदना कार्ड या आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है, वे शीघ्र अपने नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र या चॉइस सेंटर में जाकर पंजीयन कराएं।

शहरी क्षेत्रों में योजना का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचाने के लिए सोसाइटी एवं कॉलोनी स्तर पर भी विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इच्छुक सोसाइटी या कॉलोनी निवासी शिविर आयोजन हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं अथवा दूरभाष क्रमांक 0771-4045849 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button