Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कजिला प्रशासन रायपुर

सड़क सुरक्षा माह: जोमेटो डिलीवरी बॉय को यातायात नियमों की सीख, 105 को निःशुल्क हेलमेट वितरित

रायपुर। सड़क सुरक्षा माह के 15वें दिन यातायात जागरूकता अभियान के तहत जोमेटो डिलीवरी बॉय के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के यातायात का अहम हिस्सा बने डिलीवरी कर्मी अक्सर समय पर खाद्य सामग्री पहुंचाने की जल्दबाजी में तेज रफ्तार और असुरक्षित तरीके से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर एवं गुरजीत सिंह ने डिलीवरी बॉय को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा की जानकारी दी। इस दौरान बताया गया कि वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 621 लोगों की मौत हुई, जिनमें 429 मृतक दोपहिया वाहन चालक या सवार थे, जबकि 988 लोग घायल हुए। अधिकांश दोपहिया चालकों की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती है, जिसे हेलमेट के उपयोग से रोका जा सकता है।

डिलीवरी बॉय को अपने जीवन के महत्व और परिवार के प्रति जिम्मेदारी समझाते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की गई।

जोमेटो डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोमेटो कंपनी के रायपुर शहर के सीईओ अभिमन्यु गोयल एवं एरिया लीडर मयंक शर्मा ने सभी डिलीवरी बॉय को निःशुल्क हेलमेट प्रदान करने का निर्णय लिया। उनके अनुरोध पर यातायात कार्यालय के प्रशिक्षण हॉल में 105 जोमेटो डिलीवरी बॉय को हेलमेट वितरित किए गए।

इस अवसर पर कंपनी प्रतिनिधियों ने डिलीवरी बॉय से अपील की कि सड़क पर आवागमन के दौरान सावधानी बरतें, जल्दबाजी न करें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि डिलीवरी के लिए समय का अनावश्यक दबाव नहीं है और वितरित किए जा रहे हेलमेट में ब्लूटूथ सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

कार्यक्रम के अंत में हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने का संदेश देने के उद्देश्य से यातायात कार्यालय से कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक और पचपेड़ीनाका चौक तक हेलमेट रैली भी निकाली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button