Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

संचालक संजीव कुमार झा ने मातृ एवं शिशु चिकित्सालय कालीबाड़ी एवं जिला चिकित्सालय पंडरी का किया औचक निरीक्षण

रायपुर। संचालक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग संजीव कुमार झा द्वारा आज मातृ एवं शिशु चिकित्सालय कालीबाड़ी तथा जिला चिकित्सालय पंडरी रायपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, डिजिटल सिस्टम के संचालन एवं मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संचालक श्री झा ने नेक्स्टजेन ई-हॉस्पिटल एवं आधारबेस अटेंडेंस प्रणाली के सुचारू संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों की शत-प्रतिशत आभा आईडी बनाने तथा प्रसव कक्ष में भर्ती सभी मरीजों का नेक्स्टजेन ई-हॉस्पिटल में अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नवजात शिशु चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में भर्ती बच्चों की जानकारी ली तथा वहां पाई गई मानव संसाधन की कमी को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही चिकित्सालय में आवश्यक दवाइयों, उपकरणों, रियजेंट एवं एंबुलेंस की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में संचालित पैथोलॉजी लैब के सुदृढ़ीकरण हेतु सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्टोर का निरीक्षण कर सीजीएमएससी से प्राप्त दवाइयों की नेक्स्टजेन ई-हॉस्पिटल में प्रविष्टि की समीक्षा की गई तथा दवाइयों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश स्टोर प्रभारी को दिए गए।

पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों की जानकारी लेते हुए 100 प्रतिशत बेड ऑक्युपेंसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं डीईआईसी में उपचार हेतु आने वाले बच्चों से संबंधित सेवाओं की भी समीक्षा की गई। मातृ एवं शिशु चिकित्सालय कालीबाड़ी में स्वीकृत निर्माण एवं अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली गई।

जिला चिकित्सालय पंडरी में आपातकालीन कक्ष, ओपीडी पंजीयन, ओपीडी, सैंपल कलेक्शन, आईपीडी, हमर लैब, सीटी स्कैन, एक्स-रे कक्ष, सोनोग्राफी, डायलिसिस यूनिट एवं केंद्रीय मलेरिया जांच केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन से अस्पताल में मौजूद कमियों पर चर्चा कर उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने एवं मरीजों तथा उनके परिजनों को स्वास्थ्य सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराने हेतु अस्पताल सलाहकार को आवश्यक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. एस. के. पामभोई (संचालक, महामारी नियंत्रण), डॉ. मिथिलेश चौधरी (सीएमएचओ), डॉ. एस. के. भंडारी (सिविल सर्जन), डॉ. संजीव मेश्राम (उपसंचालक), डॉ. विक्रम वर्मा (राज्य सलाहकार), डॉ. शशि प्रभा बंजारे (अधीक्षक), डॉ. लक्षमेंद्र यादव (आरएमओ), डॉ. अनुवेता गुप्ता अग्रवाल (आरएमओ) सहित वरिष्ठ चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button