Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

दिल्ली से लौटे CM साय ने कहा – छत्तीसगढ़ की संस्कृति को मिल रही वैश्विक पहचान, भारत मंडपम में प्रदेश के उत्पादों की धूम

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम दिल्ली से रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर सीएम ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर मेले में प्रदेश के विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मेले में कोसा वस्त्र, बेल मेटल, हथकरघा से निर्मित कपड़े, टेराकोटा सहित छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हस्तशिल्प और उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में लोगों की भागीदारी और स्थानीय उत्पादों के प्रति उत्साह प्रदेश के लिए अच्छी बात है।

विश्व बैंक की रिपोर्ट पर पीएम मोदी को दिया श्रेय

विश्व बैंक की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम बताया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

26 नवंबर का मुख्यमंत्री जनदर्शन बढ़ सकता है आगे

मुख्यमंत्री जनदर्शन को लेकर भी विष्णुदेव साय ने महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 26 नवंबर को जनदर्शन आयोजित करने की योजना है, लेकिन इसी दिन संविधान दिवस भी है। ऐसे में जनदर्शन कार्यक्रम को थोड़ा आगे बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस होने के कारण जनदर्शन की तारीख में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, कार्यक्रम की नई तारीख को लेकर अभी अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button