6 से 8 जनवरी तक होगा साहित्य महोत्सव, तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी 6, 7 एवं 8 जनवरी को आयोजित होने वाले साहित्य महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान महोत्सव को सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं गरिमामय स्वरूप देने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महोत्सव का उद्देश्य साहित्य, कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ ही साहित्यप्रेमियों, लेखकों और रचनाकारों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक उमेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




