चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट: राहत-बचाव की तैयारियां शुरू, गांव-गांव में की जा रही मुनादी, हेल्पलाइन नंबर जारी

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं और खराब मौसम से निपटने के लिए एहतियाती तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी के माध्यम से लोगों को चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों को तेज हवाओं, भारी बारिश, आकाशीय बिजली और जलभराव जैसी परिस्थितियों में सावधानी बरतने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
संभावित आपदा से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत, विद्युत सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य राहत एवं बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
जिला प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। नगरीय निकायों और संबंधित विभागों को नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। साथ ही कमजोर भवनों, जर्जर संरचनाओं, पेड़ों और विद्युत लाइनों से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों को देखते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम की चेतावनियों पर रखी जा रही नजर
जिला प्रशासन द्वारा मौसम विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान और चेतावनियों की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों और आम नागरिकों तक समय पर जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखते हुए मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और विभागों के बीच त्वरित सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए सतर्कता बरतें। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें।
नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए आमजन की सहायता और आवश्यक जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0771-2413233 जारी किया गया है। नागरिक किसी भी आवश्यक सहायता या संबंधित जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रहा है। सभी विभागों को पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संभावित आपदा की स्थिति में जनजीवन को सुरक्षित रखते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।




