स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस का पोस्टर वार, अजय चंद्राकर ने किया पलटवार, कहा- कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीजेपी की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर सियासी गलियारों में पारा बढ़ गया है. राजनीतिक बयानबाजी के बीच कांग्रेस ने स्मृति ईरानी पर पोस्टर वार किया है. इसमें उन्हें 500 रुपये वाले गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक के साथ छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते दिखाया गया है. भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए पोस्टर को शर्मनाक बताया.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जारी किया पोस्टर

स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर तंज कसते हुए कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्टर जारी किया. इसमें स्मृति ईरानी एक ट्रक चलाकर छत्तीसगढ़ में प्रवेश करते दिख रहीं हैं. पोस्टर में लिखा है कि आज छत्तीसगढ़ में 500 रुपये वाले गैस सिलेंडर का ट्रक आने वाला है. पोस्टर में कैप्शन दिया गया है “अंधभक्तों में खुशी की लहर”.
कांग्रेस पर विधायक अजय का हमला
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कार्टून पोस्टर को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया है. उन्होंने पोस्टर को शर्मानाक बताते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए कुछ भी मीम बनाकर वायरल कर रहे हैं. औरपचारिकता पूरी करने के लिए कुछ लिखना था, इसलिए ऐसा किया गया. कांग्रेस सिर्फ इसी के भरोसे है. उनके पास कुछ काम नहीं बचा है.




