Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

यादव ठेठवार समाज महासभा चुनाव में संतोष यदु की शानदार जीत, 86 वोटों से दर्ज की विजय

रायपुर। छत्तीसगढ़ यादव ठेठवार समाज राजिम महासभा के चुनाव में संतोष यदु ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 194 वोट मिले और उन्होंने 86 वोटों के अंतर से विजय हासिल की। जीत के बाद संतोष यदु ने इसका श्रेय समाज के लोगों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद को दिया।

दूध बेचने और खेती-किसानी से समाज नेतृत्व तक का सफर

संतोष यदु, पिता स्वर्गीय निर्भय यदु, का जीवन संघर्ष, मेहनत और समाजसेवा की मिसाल है। ग्राम मुजगहन में जन्मे संतोष यदु महज छह वर्ष की उम्र में ग्राम सलोनी आ गए। किसान परिवार से आने वाले संतोष यदु ने जीवन के शुरुआती दौर में दूध बेचने और खेती-किसानी के जरिए परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं।

जनसेवा के संकल्प के साथ उन्होंने अपने गृह ग्राम सलोनी से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। ग्राम पंचायत कोलर पार क्षेत्र में वे तीन बार निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए। ग्राम स्तर पर उनकी नेतृत्वकारी भूमिका ने उन्हें क्षेत्र और समाज में अलग पहचान दिलाई।

इसके बाद उन्होंने सामाजिक नेतृत्व की दिशा में कदम बढ़ाया और यादव ठेठवार समाज रायपुर राज के अध्यक्ष चुने गए। वर्तमान में भी वे इस पद पर रहते हुए समाज की सेवा कर रहे हैं।

मिलनसार व्यवहार और जनसंपर्क बना मजबूत आधार

संतोष यदु की सहजता, हंसमुख स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व उनकी पहचान है। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के सुख-दुख में शामिल होने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के चलते उन्होंने लोगों के बीच मजबूत जनसंपर्क बनाया।

राजिम महासभा के चुनाव में मिली 86 वोटों की बढ़त को उनके समर्थक समाज में उनके प्रति व्यापक विश्वास और समर्थन के रूप में देख रहे हैं।

बोले संतोष यदु- यह मेरी नहीं, पूरे समाज की जीत

जीत के बाद संतोष यदु ने कहा कि चुनाव की शुरुआत से ही समाज के लोगों का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा था। चुनाव के दौरान अलग-अलग रुझान सामने आए, लेकिन उन्हें अपनी जीत का भरोसा था।

उन्होंने कहा, “यह जीत मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे समाज की जीत है। मैं इस विजय का श्रेय समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समर्पित करता हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया, सहयोग दिया और अपना आशीर्वाद प्रदान किया।”

उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसमें कोई जीतता है और कोई हारता है, लेकिन चुनाव के बाद सभी प्रतिभागी समाज के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी प्रत्याशियों का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने चुनाव में बेहतर तरीके से अपनी भागीदारी निभाई।

चुनाव तक प्रतिस्पर्धा, अब सभी को साथ लेकर चलने का संकल्प

संतोष यदु ने कहा कि अब उनका उद्देश्य सभी को साथ लेकर चलना, समाज में आपसी एकता और भाईचारा मजबूत करना तथा सामाजिक विकास के लिए मिल-जुलकर काम करना है।

दूध बेचने और खेती-किसानी से जीवन की शुरुआत कर ग्राम पंचायत से लेकर रायपुर राज और अब राजिम महासभा तक पहुंचने का उनका सफर संघर्ष और समाजसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनका स्पष्ट संदेश है—“चुनाव तक प्रतिस्पर्धा, चुनाव के बाद एकता।”

समाज की एकजुटता, युवाओं की भागीदारी, सामाजिक उत्थान और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना उनकी प्राथमिकता होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button