Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ ने रिटायर्ड हुए अधिकारी-कर्मचारी का किया सम्मान, दी विदाई

रायपुर। जिला प्रशासन ने सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए संचालित ‘प्रोजेक्ट वंदन’ के तहत बुधवार को 43 सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान कर उन्हें विदाई दी। खास बात यह रही कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रिटायरमेंट के दिन ही पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO), GPO सहित अन्य स्वत्वों का भुगतान किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सदैव स्वस्थ रहें और जीवन की दूसरी पारी का आनंद लें। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा के दौरान सभी ने अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन किया है, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।

कलेक्टर ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट वंदन’ के तहत जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सेवानिवृत्ति के दिन ही संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के सभी स्वत्वों का निराकरण कर दिया जाए। इससे उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद अपने भुगतान और पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।

उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से सामाजिक कार्यों में योगदान देने की अपील भी की। कलेक्टर ने कहा कि वे अपने आसपास के आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों के विकास में सहयोग कर सकते हैं। उनके पास उपलब्ध उपयोगी किताबें जरूरतमंद बच्चों को दान की जा सकती हैं।

डॉ. सिंह ने ‘प्रोजेक्ट सेकेंड इनिंग’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी अपने अनुभव और समय का उपयोग स्कूलों में बच्चों के बीच कर सकते हैं। इससे वे सक्रिय और स्वस्थ रहेंगे, वहीं विद्यार्थियों को उनके अनुभव और ज्ञान का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 43 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी शासकीय स्कूलों में निःशुल्क सेवाएं दे रहे हैं। ये कर्मचारी नियमित रूप से स्कूल पहुंचकर बच्चों को रुचि के साथ पढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, जिला कोषालय अधिकारी गजानंद पटेल, सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button