छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा प्रवेश, मंत्री टंक राम वर्मा बोले- छात्रहित में लिया गया फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश लेने से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। यह सुविधा उन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में लागू होगी, जहां अभी भी सीटें रिक्त हैं। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग की ओर से विधिवत आदेश जारी कर दिया गया है।
छात्रहित में लिया गया फैसला
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण निर्धारित समय में प्रवेश नहीं ले सके।
मंत्री ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की निर्धारित तारीख निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक साल खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए छात्रहित में प्रवेश की तारीख बढ़ाकर 31 अगस्त की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील भी की।
पहले 31 जुलाई और 14 अगस्त थी अंतिम तिथि
उच्च शिक्षा विभाग के पहले जारी आदेश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी। वहीं, कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त 2026 तक प्रवेश दिया जा सकता था।
इन तिथियों के बाद भी कई महाविद्यालयों में सीटें रिक्त रह गईं। साथ ही दूर-दराज के इलाकों से आने वाले कई अभ्यर्थी निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए। इसी स्थिति को देखते हुए शासन ने प्रवेश की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया है।
देखें आदेश

रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश
नए आदेश के मुताबिक, जिन शैक्षणिक संस्थानों में सीटें खाली हैं, वहां विद्यार्थी अब 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे। इससे उन विद्यार्थियों को दोबारा अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित समय सीमा में दाखिला नहीं ले पाए थे।
हजारों विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
प्रवेश की तारीख बढ़ाए जाने से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के ऐसे विद्यार्थी, जो समय पर कॉलेज तक नहीं पहुंच सके या प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए, अब उपलब्ध रिक्त सीटों पर दाखिला ले सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों, विश्वविद्यालयों और शासकीय महाविद्यालयों को आदेश की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।



