कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नवाचार के लिए कार्य करने वाले शिक्षकों को किया सम्मानित

रायपुर। जिला प्रशासन रायपुर द्वारा संचालित “पढ़े रायपुर, लिखे रायपुर और बढ़े रायपुर” अभियान के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के लिए कार्य करने वाले शिक्षकों को आज सम्मानित किया गया।
विनोबा कार्यक्रम के माध्यम से उन शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए गए जिन्होंने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए कहानी वाचन, कविता वाचन, टीएलएम निर्माण एवं उसके प्रभावी उपयोग जैसे नवाचारों से सीखने सिखाने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावी बनाया है।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अनीता तिवारी, शासकीय प्राथमिक शाला देवपुरी, प्रीति साहू, सावित्री साहू एवं संगीता साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयों में किए जा रहे नवाचार बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को इसी प्रकार नवाचारों के साथ कार्य करते हुए निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
विनोबा कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों के नवाचारों को पहचान और सम्मान मिलने से जिले के अन्य शिक्षकों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की प्रेरणा मिल रही है। जिला प्रशासन का यह प्रयास “पढ़े रायपुर, लिखे रायपुर और बढ़े रायपुर” अभियान को नई गति प्रदान करने के साथ विद्यार्थियों को निपुण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
कार्यक्रम में समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयक अरुण कुमार शर्मा, एपीसी पूनम तिवारी, बसंत वर्मा तथा आशीष निर्मलकर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।




