Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

सिलतरा स्कूल को मिली 45 लाख की सौगात, विधायक अनुज शर्मा ने 6 नए कक्षों का किया लोकार्पण

धरसींवा/सिलतरा। क्षेत्रीय विकास और शिक्षा के स्तर को मजबूत करने के संकल्प के साथ धरसींवा विधानसभा के विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम सिलतरा को एक बड़ी सौगात दी है। विधायक श्री शर्मा ने ग्राम सिलतरा के शासकीय प्राथमिक शाला में CSR मद से 45 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 6 अतिरिक्त कक्षों का विधिवत लोकार्पण किया।

इस अवसर पर स्कूली बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया। नए कमरों के बन जाने से अब स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को बैठने के लिए अधिक जगह मिलेगी और पढ़ाई का माहौल और भी बेहतर होगा।

बच्चों से किया सीधा संवाद, दीं शुभकामनाएं

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने स्कूली छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज धरसीवां विधानसभा के हमारे ग्राम सिलतरा के लिए बहुत ही गौरव और हर्ष का दिन है।शिक्षा ही वह माध्यम है जो हमारे बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव रखती है। आज इस शासकीय प्राथमिक शाला के नए भवन का लोकार्पण करते हुए मुझे अत्यंत आत्मिक प्रसन्नता हो रही है। यह सिर्फ ईंट-पत्थरों से बनी एक इमारत नहीं है, बल्कि यह हमारे सिलतरा के बच्चों के सपनों को उड़ान देने वाला ‘ज्ञान का मंदिर’ है।आप इस देश कें,हमारे छत्तीसगढ़ के भविष्य हो। आज भले ही आप इस छोटे से गांव के प्राथमिक स्कूल में बैठ रहे हो, लेकिन कल को आप में से ही कोई कलेक्टर बनेगा, कोई डॉक्टर बनेगा, कोई बड़ा वैज्ञानिक बनेगा, तो कोई देश की सीमा पर तैनात होकर भारत माता की रक्षा करेगा। अपनी आंखों में बड़े सपने पालो! आपकी परिस्थितियों से ज्यादा ताकतवर आपके हौसले होने चाहिए। आपको आगे बढ़ने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।हमारी सरकार आपके साथ हर कदम पर खड़े हैं। यहाँ उपस्थित शिक्षक गण और अभिभावकों सें मैं यही कहना चाहूँगा की बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही शिक्षा नहीं है। हमें उन्हें अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और एक अच्छा इंसान बनाना है। शिक्षकों के कंधों पर इस नए भारत के निर्माण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मेरा आप सभी से आग्रह है कि इस नए भवन में बच्चों को ऐसा माहौल दें, जहाँ वे हँसते-खेलते हुए सीखें और आगे बढ़ें।सिलतरा का यह स्कूल आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगा, ऐसा मेरा दृढ़ विश्वास है। मैं सभी बच्चों को नए स्कूल भवन की बधाई देता हूँ और आपके उज्ज्वल, स्वर्णिम भविष्य की हृदय से मंगलकामना करता हूँ। खूब पढ़ो, खूब बढ़ो और अपने माता-पिता के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करो।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश: किया वृक्षारोपण

सिर्फ शिक्षा ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विधायक अनुज शर्मा ने बच्चों और स्कूल स्टाफ के साथ मिलकर स्कूल परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने बच्चों को पौधों की देखभाल करने का संकल्प दिलाया और कहा कि आज लगाए गए ये पौधे कल बड़े होकर आने वाली पीढ़ी को छाया और शुद्ध हवा देंगे।

लोकार्पण के बाद विधायक ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस गरिमामय लोकार्पण समारोह में विधायक अनुज शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेन्द्र सेन, अनुपम वर्मा, सरपंच शांति वर्मा ,उपसरपंच राम कुमार वर्मा सहित शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button