Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़राजनीती
Trending

जनसेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों के साथ विधायक अनुज शर्मा ने मनाया 50वां जन्मदिन; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले— “जनता के सच्चे महानायक हैं अनुज”

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय महानायक, पद्मश्री सम्मानित कलाकार एवं धरसींवा विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन इस वर्ष जनसेवा, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के अनूठे संगम के रूप में मनाया गया। यह अवसर इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में अपने गौरवशाली 25 वर्ष भी पूरे किए हैं। जन्मदिन समारोह में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे और अपने लोकप्रिय विधायक एवं कलाकार को शुभकामनाएं दीं।

इस गरिमामयी आयोजन में विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अनुज शर्मा को जन्मदिन और कला जगत में 25 वर्षों की सफल यात्रा पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि वे सही मायनों में जनता के महानायक हैं। उन्होंने कहा कि अनुज शर्मा ने विधायक के रूप में धरसींवा क्षेत्र में विकास और जनसेवा की नई पहचान बनाई है तथा कला और संस्कृति के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देशभर में गौरवान्वित किया है।

कार्यक्रम में “हमर हीरो नं.1” के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विधायक अनुज शर्मा मंच पर पहुंचे। अपने संबोधन में वे भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें केवल कलाकार नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य बनाया है। उन्होंने कहा कि धरसींवा की माटी ने उन्हें कलाकार से बेटा और भाई बना दिया। राजनीति उनके लिए पद नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा के जीवन, संघर्ष और जनसेवा पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ का वीडियो लॉन्च किया गया। वहीं उनकी चर्चित फिल्म ‘सुहाग’ को भी आधिकारिक रूप से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया।
जन्मदिन समारोह को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए कई जनहितकारी कार्य भी किए गए। कार्यक्रम में 63 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जबकि 10 से अधिक दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर जैसी सहायक सामग्री वितरित की गई। समाज निर्माण में योगदान देने वाले 60 से अधिक समाज प्रमुखों एवं वरिष्ठजनों का नागरिक अभिनंदन भी किया गया।

इस अवसर पर कक्षा 12वीं में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली कु. हेमलता साहू की आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च औद्योगिक संस्थान सारडा एनर्जी द्वारा उठाने की घोषणा की गई। वहीं सारडा एनर्जी की ओर से लगभग 10 लाख रुपए की सोनोग्राफी मशीन क्षेत्र को समर्पित की गई।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा की लोकप्रियता और जनसेवा का राजनीतिक असर भी देखने को मिला। क्षेत्र के 60 सरपंचों सहित 250 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और अन्य दलों को छोड़ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक अनुज शर्मा ने सभी का पार्टी गमछा पहनाकर स्वागत किया।

इस भव्य आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, छॉलीवुड कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button