Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का यज्ञ है: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल

वैचारिक अधिष्ठान और सांगठनिक मजबूती का संकल्प, महासमुंद में भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर आयोजित

महासमुंद/घुंचापाली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा देशव्यापी ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ के अंतर्गत सांगठनिक ढांचे को नई ऊर्जा देने और कार्यकर्ताओं के वैचारिक कौशल को धार देने के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में, महासमुंद जिले के सुप्रसिद्ध चंडी माता मंदिर परिसर, घुंचापाली में 14 और 15 मई को दो दिवसीय ‘जिला प्रशिक्षण वर्ग’ का गरिमामय आयोजन हुआ।

शिविर के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में बसना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के अनेकों पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर के दौरान सांगठनिक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से अजय जामवाल को महासमुंद जिले का प्रभारी नेता भी नियुक्त किया गया।

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचार-पुंज है। विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कहा कि इस कार्यशाला का प्रमुख ध्येय कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता लाना, सांगठनिक एकता को अभेद्य बनाना और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुँचाने की कार्यकुशलता में वृद्धि करना है।

मीडिया से चर्चा करते हुए बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा के केंद्र होते हैं।विधायक डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि आज राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का यज्ञ है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘अंत्योदय’ के सपने को साकार करने के लिए हमारे कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना अनिवार्य है। धुंचापाली की इस पवित्र धरा पर आयोजित शिविर से जो ऊर्जा लेकर कार्यकर्ता जाएंगे, वह आगामी समय में महासमुंद जिले में संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता हमारी पार्टी की रीढ़ हैं। जब हमारा कार्यकर्ता वैचारिक रूप से प्रखर और कार्यपद्धति में कुशल होगा, तभी हम विपक्ष के भ्रामक प्रचार का मजबूती से जवाब दे पाएंगे और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचा पाएंगे।

शिविर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासमुन्द लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी,महासमुंद विधायक राजू सिन्हा, जिला अध्यक्ष एतराम साहू,पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू,भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ महासमुन्द जिला संयोजक सुमित अग्रवाल, भाजपा नेता व विधायक प्रतिनिधि कैलाश अग्रवाल, भाजयुमो जिला महामंत्री कामेश बंजारा,भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वय नरेंद्र यादव, अभिमन्यु प्रधान जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और प्रमुख नेता बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के मार्गदर्शन और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सक्रिय सहयोग से यह शिविर कार्यकर्ताओं के लिए ‘बौद्धिक पाथेय’ सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर स्थानीय नेतृत्व ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ता अधिक आत्मविश्वास के साथ चुनावी और सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं। शिविर का समापन राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति अटूट समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button