मौके पर ही आवेदन का समाधान करने का करें प्रयास :- कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह

रायपुर। सुशासन तिहार की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े आवेदनों का अधिकतम निराकरण शिविर स्थल पर ही सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से प्रारंभ हो रहे ‘सुशासन तिहार’ के लिए ज़िले भर में शिविरों के आयोजन हेतु स्थल एवं समय निर्धारित कर दिए गए हैं तथा प्रत्येक शिविर के लिए नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ब्लॉक स्तर पर भी अधिकारियों को शिविर संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि शिविरों का संचालन व्यवस्थित और प्रभावी हो तथा आवेदन करने की प्रक्रिया सरल और सहज बनी रहे।
डॉ. सिंह ने निर्देशित किया कि यथासंभव मौके पर ही प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाए और निराकरण की गुणवत्ता (क्वालिटी डिस्पोजल) सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र से प्राप्त प्रत्येक आवेदन को स्वयं पढ़ें और निराकरण होने या न होने की स्थिति में उसका विस्तृत कारण दर्ज करें।
कलेक्टर ने जिला एवं सब-डिवीजन स्तर के अधिकारियों की शिविरों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नोडल अधिकारियों को स्पष्ट किया कि शिविर का सुचारू संचालन एवं जनप्रतिनिधियों तक समय पर सूचना पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी होगी।




