Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

रायपुर में बना ग्रीन कॉरिडोर, 15 मिनट में एम्स से बालाजी हॉस्पिटल पहुंची एंबुलेंस, मरीज का हुआ सफल किडनी ट्रांसप्लांट

रायपुर। राजधानी रायपुर में मानवता और प्रशासनिक तत्परता का बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला, जब किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एम्स हॉस्पिटल से श्रीबालाजी हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एम्बुलेंस को महज 15 मिनट में सुरक्षित पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, एम्स हॉस्पिटल रायपुर के डॉक्टर वरुण ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाने की आवश्यकता से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर ने तुरंत निर्देश जारी किए, जिसके बाद यातायात पुलिस रायपुर ने सक्रियता दिखाते हुए पूरे मार्ग को खाली कर निर्बाध रास्ता तैयार किया।

एम्बुलेंस दोपहर 2:02 बजे एम्स से रवाना हुई और जीई रोड, मोहबा बाजार चौक, आमापारा चौक, अग्रसेन चौक, तेलघानी नाका चौक, स्टेशन चौक, एक्सप्रेसवे मार्ग, पंडरी ब्रिज, कपड़ा मार्केट चौक, लोधीपारा चौक, दलदल सिवनी टर्निंग और मोवा थाना तिराहा होते हुए मात्र 2:17 बजे श्रीबालाजी हॉस्पिटल पहुंच गई। यातायात पुलिस के उत्कृष्ट समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते एम्बुलेंस को बिना किसी बाधा के गंतव्य तक पहुंचाया गया। इस दौरान पूरे रूट पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर यातायात को नियंत्रित किया गया।

बताया जा रहा है कि पेंड्रा निवासी 39 वर्षीय मरीज का सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। वहीं डोनर के रूप में उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 39 वर्षीय सुनील कुमार ने अपनी किडनी दान की। इस सराहनीय कार्य के लिए रायपुर पुलिस और यातायात विभाग की प्रशंसा की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button