CGMSC घोटाला मामला : आरोपी मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा और कमलकांत को सुप्रीम कोर्ट से जमानत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGMSC घोटाला मामले में बड़ी खबर सामने आई है। घोटाले से जुड़े आरोपी मोक्षित कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा और कमलकांत पाटनवार को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद दोनों आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, जहां से उन्हें राहत मिली। ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) की एफआईआर के तहत दोनों आरोपी रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद थे।
बता दें कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्रित्व काल में किस तरह से छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) ने मोक्षित कॉरपोरेशन के माध्यम से छत्तीसगढ़ का राजकोष खाली करने का भांडा ‘ऑडिट ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट’ से फूटा था। इस रिपोर्ट के आधार पर भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग के प्रिंसिपल अकाउंटेंट जनरल (ऑडिट) आईएएस यशवंत कुमार ने 660 करोड़ रुपए के घपले पर एडिशनल चीफ सेक्रेटरी मनोज कुमार पिंगुआ को पत्र लिखा था।




