गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और कालाबाजारी का विरोध, कांग्रेस ने तेलीबांधा तालाब में किया सिलेंडर का प्रतीकात्मक विसर्जन

रायपुर। बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों, एजेंसियों में लंबी कतारों और आम लोगों को हो रही परेशानियों के खिलाफ शहर कांग्रेस के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस ने रायपुर में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तेलीबांधा तालाब में प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर का विसर्जन कर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही राज्य सरकार पर भी कालाबाजारी रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता चाहे गरीब हो या अमीर, सभी गैस सिलेंडर को लेकर परेशान हैं। सरकार जनता के साथ खिलवाड़ कर रही है।
कार्यकर्ताओं ने कहा, गैस एजेंसियों में लगातार लंबी कतारें लग रही है। समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जल्द व्यवस्था सुधारने और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन में सुजीत सिंह, अजीत कुकरेजा, हीरेंद्र देवांगन, अविनय दुबे, महेंद्र कुमार सेन, वेंकट कुमार, मंगल सिंह, जसमीत सिंह, गजेंद्र साहू, राजू यादव, सुरेश बुधवानो और राधे नायक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



