Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

रायपुरा-सरोना में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं विधायक राजेश मूणत ने किया भूमि पूजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राजधानी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रायपुरा-सरोना क्षेत्र में 100 बिस्तरों वाले नवीन शासकीय अस्पताल का भूमि पूजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने की।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यह अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा तथा क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा।

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि इस अस्पताल के निर्माण से रायपुरा, सरोना, भाठागांव सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह अस्पताल क्षेत्र के लगभग 6 लाख लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

प्रस्तावित अस्पताल तीन मंजिला (ग्राउंड प्लस दो) भवन में निर्मित किया जाएगा, जिसमें इमरजेंसी सेवाएं, आईसीयू, लैब, मातृ-शिशु सेवाएं, ब्लड बैंक, बर्न वार्ड सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल में 24 घंटे उपचार एवं जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी।

नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी और निगम प्रशासन इसके क्रियान्वयन में सहयोग करेगा।

इसका निर्माण छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) के माध्यम से किया जाएगा तथा कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र के नागरिकों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर महापौर मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button