Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

रायपुर में नगर निगम का बड़ा एक्शन: चौरसिया कॉलोनी में 4 एकड़ जमीन पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर में बढ़ती अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जोन क्रमांक 6 में बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 के अंतर्गत चौरसिया कॉलोनी में दो अलग-अलग स्थानों पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाते हुए वहां बनाए गए मुरूम रोड को जेसीबी मशीन से काट दिया, जिससे दोनों स्थानों पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश तथा जोन 6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। निगम अधिकारियों के अनुसार वार्ड क्रमांक 60 में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निजी भूमि पर बिना अनुमति के प्लाटिंग कर जमीन का अवैध तरीके से विकास किया जा रहा था।

निगम की कार्रवाई दो स्थानों पर की गई। पहला स्थान मानसपुरम रोड के पास लगभग एक एकड़ निजी भूमि पर था, जहां अवैध रूप से प्लाटिंग कर मुरूम रोड बनाया गया था। दूसरा स्थान चौरसिया कॉलोनी में नवरंग पब्लिक स्कूल के पास करीब 3.25 एकड़ निजी भूमि पर था, जहां भी इसी तरह अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। दोनों ही जगहों पर लोगों की आवाजाही के लिए मुरूम डालकर सड़क तैयार की गई थी।

नगर निगम की टीम ने कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता पुकेश कुमार साहू और उप अभियंता अंकुर अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की मदद से इन मुरूम सड़कों को काट दिया। इस कार्रवाई के बाद दोनों स्थानों पर अवैध प्लाटिंग की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लग गई।

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि शहर में बिना अनुमति के कॉलोनियां विकसित करने और अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हाल के महीनों में भी नगर निगम ने कई स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया है।

अधिकारियों ने बताया कि शासन स्तर पर अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कानूनी प्रावधान लागू किए गए हैं, जिसके तहत दोषियों को तीन से सात वर्ष तक की सजा हो सकती है। नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति के प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की अनधिकृत प्लाटिंग या निर्माण की जानकारी तुरंत नगर निगम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button