Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दुकदपाली महायज्ञ में टेका मत्था, संतों का किया सम्मान

बसना। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दुकदपाली में अध्यात्म और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहाँ आयोजित विश्व शांति ब्रह्म महायज्ञ एवं महिला बाल लीला के पावन अवसर पर प्रातः स्मरणीय महंत दास बाबा जी के समाधि निर्माण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस भक्तिमय कार्यक्रम में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य रूप में सम्मिलित होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने वहाँ उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों से आए साधु-संतों और गुरुओं का विधिवत पूजन कर उनका साधुवाद किया। इस अवसर पर आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रसार करते हुए विधायक डॉ अग्रवाल ने ब्रह्मवदूत वैष्णव चरण बाबा की अनमोल शिक्षाओं पर आधारित ‘उपदेशमृत वाणी’ का विमोचन भी किया।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि आज इस पावन धरा पर विश्व शांति ब्रह्म महायज्ञ का साक्षी बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। संतों का सानिध्य और उनकी वाणी समाज को सही मार्ग दिखाने का कार्य करती है। यहाँ उपस्थित सभी साधुओं का आशीर्वाद ही क्षेत्र की सुख-समृद्धि का आधार है। महंत दास बाबा जी की समाधि आने वाली पीढ़ियों के लिए श्रद्धा और शांति का केंद्र बनेगी।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने अपनी चर्चा को विस्तार देते हुए गहराई से कहा कि समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रह्मवदूत वैष्णव चरण बाबा की शिक्षाएं केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि वे उन्नत जीवन जीने का एक संपूर्ण दर्शन हैं उनकी ‘उपदेशमृत वाणी’ जब जन-जन के हृदय तक पहुँचेगी, तो निश्चित ही समाज में उच्च नैतिक मूल्यों और मानवता का विकास होगा।

क्षेत्र के विकास और धर्म के अंतर्संबंधों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने आगे कहा कि राजनीति वास्तव में सेवा का एक माध्यम है, लेकिन धर्म और अध्यात्म ही वह मूल आधार हैं जो हमें उस निष्काम सेवा को करने की आत्मिक शक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ग्राम दुकदपाली में आयोजित इस भव्य और पावन समागम से न केवल स्थानीय स्तर पर, बल्कि पूरे बसना क्षेत्र में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का एक नया प्रवाह शुरू होगा।

महिला बाल लीला के माध्यम से प्रस्तुत धार्मिक प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में परम पूज्य ब्रह्म अवधूत वीरेंद्र महोदय,देवानंद महोदय, तुलाराम बाबा, उद्धव महोदय,घासीदास महोदय,अमृत महोदय,नृसिंह बाबा,योगेंद्र दास,स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी आयोजकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button