Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

रोड सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा का संदेश, 20 लोगों ने किया रक्तदान

रायपुर। तंदूरी वाला रेस्टोरेंट एवं सुरक्षित भव: फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को रोड सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, युवाओं और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सुरक्षित भव: फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. केशव राव ने संस्था की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि फाउंडेशन पिछले 14 वर्षों से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था को कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं तथा उसका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है।

ट्रैफिक टीचर टी.के. भोई ने गुड समैरिटन कानून के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन ऑवर’ में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आएं।

वहीं रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष इकबाल खान ने क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि सदस्यों को सड़क दुर्घटनाओं के दौरान बचाव कार्य के लिए सीपीआर और फर्स्ट एड का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीसीपी सतीश ठाकुर ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करने वालों को सरकार की ओर से 25 हजार रुपए तक का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने सभी से जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की।

डॉ. संदीप धुपड़ ने देश में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों और बढ़ती वाहन संख्या पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अधिकांश हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण होते हैं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में अक्सर परिवार का कमाऊ सदस्य प्रभावित होता है, जिससे परिवार और देश दोनों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
कार्यक्रम का संचालन निधि अग्रवाल ने किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने और जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।

रक्तदान शिविर में 20 यूनिट रक्त संग्रहित

कार्यक्रम के दौरान अपना ब्लड बैंक एवं साई रक्तदाता समिति के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 20 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया। रक्तदाताओं को डीसीपी सतीश ठाकुर, टी.के. भोई, डॉ. संदीप धुपड़, डॉ. केशव राव, पंकज गांधी और अभय जैन द्वारा प्रमाण पत्र एवं हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मैत्री व्यास ने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सुरक्षित भव: फाउंडेशन, तंदूरी वाला रेस्टोरेंट और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित 150 से अधिक लोगों ने भाग लिया तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और जरूरत पड़ने पर रक्तदान करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button