छठ पूजा की तैयारियों का मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिया जायजा, तीन छठ घाटों का किया निरीक्षण

अंबिकापुर। छठ महापर्व को लेकर अंबिकापुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्रवाल ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
शंकर घाट और महामाया घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं, गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट में भी पूजा की तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को दर्शाता है। व्रती कठिन नियमों और पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने तथा घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।




