Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

शिक्षा संवाद छत्तीसगढ़: इवेंट कंपनी पर सचिव के पत्र का दुरुपयोग कर प्राइवेट यूनिवर्सिटीज से वसूली करने का आरोप, उच्च शिक्षा मंत्री ने जांच की कही बात…

रायपुर। राजधानी रायपुर में 17 फरवरी को होने जा रहे ‘शिक्षा संवाद छत्तीसगढ़ 2026’ की इंवेट कंपनी पर लेकर गंभीर आरोप लगे हैं. नोएडा स्थित इवेंट कंपनी इलेट्स टेक्नोमीडिया पर सरकारी अधिकारियों के पत्रों का दुरुपयोग कर इसे सरकारी आयोजन बताकर प्राइवेट यूनिवर्सिटीज से वसूली करने का आरोप लग रहा है.

कंपनी ने छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग के सचिव एस. भारती दासन के नाम से जारी एक पत्र का इस्तेमाल किया है, जिसमें कार्यक्रम को फ्री ऑफ कॉस्ट बताकर सरकारी लोगो और लेटरहेड के उपयोग की अनुमति ली गई थी. आरोप है कि इसी पत्र के आधार पर प्रदेश की कई प्राइवेट यूनिवर्सिटीज से स्पॉन्सरशिप के नाम पर भारी भरकम फंड कलेक्शन किया गया, जबकि कार्यक्रम पूरी तरह प्राइवेट कंपनी द्वारा आयोजित है, और इसका मकसद कमाई बताया जा रहा है.

हैरानी की बात यह है कि कार्यक्रम का प्रमोशन छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी हो रहा है, जिससे इसे सरकारी आयोजन माना जा रहा है. इलेट्स टेक्नोमिडिया की वेबसाइट पर भी इसे विभाग के साथ सहयोग से आयोजित बताया गया है, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग को सह-आयोजक के रूप में दिखाया गया है.

यह मामला मध्य प्रदेश के पुराने विवाद से मिलता-जुलता है, जहां इसी कंपनी पर सरकारी लेटर से फंड जुटाने का आरोप लगा था, जिसके बाद कार्यक्रम रद्द हो गया था. छत्तीसगढ़ में अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या विभाग ने अनजाने में कंपनी को सरकारी वैधता प्रदान कर दी? जांच में क्या निकलता है, यह देखना बाकी है, लेकिन राजनीतिक और शैक्षणिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.

सचिव का लेटर दिखाकर बताया सरकारी कार्यक्रम

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति महादेव कावरे ने कहा कि आयोजक उनके पास आए थे, और सचिव का लेटर दिखाकर इसे सरकारी कार्यक्रम बताया थे.

उच्च शिक्षा सचिव के पत्र को तत्काल किया जाए निरस्त

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने आरोप लगाते कहा उच्च शिक्षा सचिव भारतीय दासन द्वारा जारी पत्र को तत्काल निरस्त किया जाए और जहां-जहां से कंपनी ने वसूली की है, वह राशि वापस की जाए. उन्होंने कहा कि यह कंपनी मध्य प्रदेश में भी इसी तरह सचिव के लेटर से वसूली कर चुकी है. वहां प्रमुख सचिव निकुंज कुमार श्रीवास्तव को जानकारी मिलते ही कार्यक्रम तत्काल रद्द कर दिया गया था, और कंपनी के मालिक को फटकार लगाई गई थी.

उच्च शिक्षा मंत्री ने कही जांच का निर्देश देने की बात

वहीं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा मुझे इसकी जानकारी नहीं है. आपके माध्यम से जानकारी मिल रही है. मैं अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश देता हूं. वहीं इस संबंध में इवेंट कंपनी के मालिक रवि गुप्ता से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button