Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

पीडब्ल्यूडी के ईएनसी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने पीएम मोदी से की शिकायत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रमुख अभियंता विजय कुमार भतपहरी पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को पत्र लिखा है। उन्होंने भतपहरी को पद से हटाने और पूरे मामले की केंद्रीय एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

कंवर ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि भतपहरी ने विभिन्न पदों पर रहते हुए नियमों की अनदेखी कर अपने चहेते ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाया, कमीशनखोरी की और बेनामी व रिश्तेदारों के नाम पर अवैध संपत्ति अर्जित की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 और 2015 में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा और एंटी करप्शन ब्यूरो में भ्रष्टाचार से जुड़े प्रकरण दर्ज हुए थे, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के चलते इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

पत्र में राजनांदगांव संभाग के मानपुर–संबलपुर मार्ग निर्माण का भी उल्लेख है, जहां 6.95 करोड़ रुपये की स्वीकृति के विरुद्ध लगभग 10 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है। सतर्कता जांच में रिकॉर्ड से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं और स्वीकृत राशि से अधिक खर्च की पुष्टि होने के बावजूद कोई कठोर कार्रवाई नहीं हुई।

इसी तरह बिलासपुर मंडल में निरस्त अनुबंध को पुनर्जीवित कर बिना दंड समयवृद्धि और एस्केलेशन स्वीकृत कर ठेकेदार को लाखों रुपये का लाभ पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान हुआ।

कंवर ने पदोन्नति प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लंबित शिकायतों और गंभीर आरोपों की पूरी जानकारी आयोग को नहीं दी गई, जिससे विभाग में असंतोष और अविश्वास का माहौल बना है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिकारी को तत्काल हटाकर सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोष सिद्ध होने पर शासन को हुई क्षति की वसूली सुनिश्चित की जाए।

यह मामला केवल एक अधिकारी पर लगे आरोपों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से जुड़ा है। अब सबकी निगाहें सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button