Home
🔍
Search
Videos
Stories
Breaking newsछत्तीसगढ़

गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले के सामने CAF कैंडिडेट्स का हंगामा

रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स (CAF) भर्ती 2018 को लेकर वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सामने आ गया है। वर्ष 2018 में CAF के 1786 पदों पर भर्ती प्रक्रिया हुई थी, जिसमें करीब 417 अभ्यर्थी वेटिंग लिस्ट में रखे गए थे। सात साल बीत जाने के बावजूद इन अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है, जबकि CAF में तीन हजार से अधिक पद खाली होने का दावा किया जा रहा है।

लंबे इंतज़ार और अनिश्चितता से परेशान कई अभ्यर्थी उम्मीद खोकर दूसरे करियर विकल्प तलाशने को मजबूर हो चुके हैं। वहीं, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पिछले सात वर्षों से लगातार विभागीय दफ्तरों और मंत्रियों के बंगलों के चक्कर काट रहे हैं। बीते एक महीने से अभ्यर्थी अपने परिवार और बच्चों के साथ तूता धरना स्थल पर डटे हुए हैं।

मंगलवार को अभ्यर्थी चौथी बार अपनी मांगों को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा के आवास पहुंचे। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कैंडिडेट्स व पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोंक-झोंक देखने को मिली। अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री आवास को घेरते हुए मुलाकात और ठोस चर्चा की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें हटाने पहुंची पुलिस ने महिलाओं और बच्चों पर भी जोर आजमाइश की। अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि जब तक गृहमंत्री से सीधी मुलाकात नहीं होती, वे वहां से नहीं हटेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले दो बार अभ्यर्थियों की गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात हुई थी, जिसमें उन्हें नियुक्ति को लेकर आश्वासन दिया गया था। हालांकि तीसरी बार मुलाकात नहीं हो सकी, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी और बढ़ गई। इसी को लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है और मामला राजनीतिक व प्रशासनिक स्तर पर तूल पकड़ता नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button