INDIA ब्लॉक में दरार: अब लालू ने किया ममता का समर्थन, बोले-कांग्रेस के विरोध से कुछ नहीं होता

पटना। Crack in INDIA block: इंडिया गठबंधन के नेतृत्व को लेकर आपस में कलह सामने आ रही है। इसी बीच आरजेडी नेता लालू यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इंडिया अलायंस का नेता चुना जाना चाहिए। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के विरोध का कोई भी मतलब नहीं है।
आरजेडी चीफ लालू यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, ममता बनर्जी को इंडिया अलायंस का नेतृत्व दिया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी के विरोध जताने से कुछ भी नहीं होगा। 2025 में हम लोग फिर से सरकार बनाएंगे।
इससे पहले शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने भी गठबंधन में ममता बनर्जी की भूमिका का समर्थन करते हुए कहा कि वे भी चाहते हैं कि वे एक अहम भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही कोलकाता में उनसे मिलेंगे।
राउत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हम ममता बनर्जी की राय जानते हैं। हम भी चाहते हैं कि वे इंडिया अलायंस की एक प्रमुख भागीदार बनें। चाहे ममता बनर्जी हों, अरविंद केजरीवाल हों या शिवसेना, हम सब एक साथ हैं। हम जल्द ही कोलकाता में ममता बनर्जी से बात करने जाएंगे।
वहीं आरजेडी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि उन्हें टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी समेत इंडिया गठबंधन के किसी भी वरिष्ठ नेता द्वारा गठबंधन का नेतृत्व करने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि फैसला आम सहमति से लिया जाना चाहिए।’
Crack in INDIA block: कांग्रेस को आत्मचिंतन की जरूरत:डी राजा
वहीं, सीपीआई महासचिव डी राजा ने कहा, कांग्रेस को आत्मचिंतन करने की जरूरत है। उसने हरियाणा और महाराष्ट्र चुनावों में इंडिया अलायंस के दलों को साथ नहीं लिया। कांग्रेस ने अगर गठबंधन सहयोगियों की बात सुनी होती तो महाराष्ट्र और हरियाणा में वो नतीजे नहीं होते, जो आज देखने को मिले हैं।
Crack in INDIA block: ममता बनर्जी ने क्या कहा था जिससे कांग्रेस हो गई असहज
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में इंडिया अलायंस के खराब प्रदर्शन पर निराशा जाहिर की। इसके बाद उन्होंने इशारा किया कि अगर उन्हें अवसर मिलेगा तो वह इंडिया अलायंस की कमान भी संभालने को बिल्कुल तैयार हैं। वह इतने पर ही नहीं रूकी उन्होंने का कि वह पश्चिम बंगाल की सीएम के तौर पर अभी भूमिका जारी रखते हुए विपक्षी मोर्चे की भी कमान संभाल सकती हैं।