Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

छुईपाली मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 संपन्न, विधायक डॉ संपत अग्रवाल हुए मुख्य रूप से शामिल

बसना। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ताओं के कौशल विकास हेतु ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत छुईपाली मंडल में विशेष प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसना विधानसभा के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा भारत माता, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और प्रखर राष्ट्रवादी विचारक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर देशभक्ति और वैचारिक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आया।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की शक्ति और कार्यकुशलता पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ताओं के समर्पण और उनके कौशल में निहित होती है। विधायक डॉ. अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि इस प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य केवल सूचनाएं साझा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता को वैचारिक रूप से इतना सशक्त बनाना है कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एक अनुशासित सिपाही की तरह कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के संकल्पों को आत्मसात करना ही हमारे जीवन का ध्येय होना चाहिए।

आगे अपने उद्बोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है जिसका अंतिम लक्ष्य राष्ट्र का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का प्रयास करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुँचाने के लिए एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करें। उनके अनुसार, राष्ट्र सेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहना और अंत्योदय के आदर्शों पर चलना ही संगठन की परंपरा है, जिससे न केवल दल मजबूत होगा बल्कि देश का भविष्य भी उज्जवल बनेगा।

विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कहा कि हमारा मार्ग सेवा का मार्ग है। हमें राजनीति को माध्यम बनाकर समाज के वंचित वर्गों के जीवन में उजाला लाना है। यही पंडित दीनदयाल जी को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस महाअभियान के माध्यम से मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, वैचारिक पृष्ठभूमि और वर्तमान राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम में भाजपा महासमुंद जिला महामंत्री जितेन्द्र त्रिपाठी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button