Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

नवरात्रि पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की माँ समलेश्वरी और श्री राम-जानकी की पूजा, बोले-माँ ही सृष्टि का आधार और शक्ति का पुंज हैं

बसना। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर संपूर्ण देश में जहाँ भक्ति की बयार बह रही है, वहीं छत्तीसगढ़ की पावन धरा बसना में भी श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इस पावन अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पूर्ण विधि-विधान और पौराणिक मर्यादाओं के साथ शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा की आराधना की।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों माता दरबार, प्राचीन समलेश्वरी माता मंदिर और मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम जानकी मंदिर पहुँचकर माथा टेका। इस दौरान मंदिरों में गूंजते मंत्रों और शंखध्वनि ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। डॉ. अग्रवाल ने देवी माँ की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी और समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि की मंगल कामना की।

मंदिर परिसर में प्रज्वलित अखंड ज्योति कलशों के दर्शन करते हुए विधायक ने उसे साक्षात ईश्वरीय प्रकाश का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ये प्रज्वलित ज्योतियां हमारे भीतर के अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाकर ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करती हैं।

पूजा-अर्चना के पश्चात विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आध्यात्मिक और पौराणिक परिप्रेक्ष्य में नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माँ दुर्गा ही इस चराचर जगत की शक्ति हैं, वही भक्ति हैं और वही साधना का चरम लक्ष्य हैं। जिस प्रकार आदि शक्ति ने महिषासुर का संहार कर धर्म की स्थापना की थी, उसी प्रकार यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने अपनी बात को विस्तार देते हुए आगे कहा कि माँ के नौ रूप चेतना के विभिन्न स्तरों को दर्शाते हैं। आज समाज को संगठित होने और नैतिक मूल्यों को संजोने की आवश्यकता है। माँ जगदंबा की कृपा से बसना क्षेत्र का प्रत्येक परिवार खुशहाल रहे और हमारा क्षेत्र प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे, यही मेरी माँ के चरणों में एकमात्र प्रार्थना है।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस पर्व को नारी शक्ति के सम्मान का पर्व बताते हुए कहा कि जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। उनके इस भक्तिमय प्रवास से न केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया, बल्कि आम जनता ने भी अपने जनप्रतिनिधि के इस आध्यात्मिक रूप की सराहना की।

इस शुभ अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश अग्रवाल,भाजयुमो जिला महामंत्री कामेश बंजारा,भाजयुमो बसना मंडल अध्यक्ष आकाश सिन्हा,सोहन पटेल सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button