सेजबहार कॉलोनी में जलापूर्ति पर त्वरित कार्रवाई
नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने टैंकरों के माध्यम से की जा रही वैकल्पिक जलापूर्ति
रायपुर, 17 जनवरी 2026/ सेजबहार कॉलोनी में दूषित जलापूर्ति की शिकायत मिलने पर हाउसिंग बोर्ड द्वारा तत्काल स्थल निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण में पाया गया कि वाल्व खोलने के शुरुआती कुछ मिनटों तक जल पूरी तरह स्वच्छ नहीं था, हालांकि कुछ ही समय बाद जल सामान्य हो गया।
एहतियातन एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्र की जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पाइपलाइन की संपूर्ण तकनीकी जांच एवं आवश्यक मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन कार्य पूर्ण होने के पश्चात ही जलापूर्ति पुनः शुरू की जाएगी।
इस बीच नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रभावित सेक्टरों में टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है। साथ ही, जल गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।
मंडल द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और समस्या के शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




