महाराजबंध तालाब संरक्षण को लेकर ग्रीन आर्मी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायपुर 14 जनवरी 2026। शहर के प्रमुख जलस्रोत महाराजबंध तालाब के संरक्षण, स्वच्छता और पुनर्जीवन को लेकर ग्रीन आर्मी ने कलेक्टर गौरव कुमार सिंह को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तालाब में बढ़ते प्रदूषण, कचरा जमाव और जल शुद्धिकरण से जुड़ी समस्याओं पर गंभीर चिंता जताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
ग्रीन आर्मी ने बताया कि नालियों के माध्यम से लगातार कचरा तालाब में प्रवेश कर रहा है। इसे रोकने के लिए सभी नालियों पर जाली (ग्रिल) लगाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में गंदगी का प्रवेश पूरी तरह रोका जा सके। इसके साथ ही संगठन ने अवगत कराया कि एसटीपी प्लांट के समीप तालाब के भीतर 100 ट्रक से अधिक कचरा व मलबा जमा हो चुका है, जिसे शीघ्र बाहर निकाला जाना जरूरी है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि एसटीपी प्लांट को जल्द से जल्द चालू किया जाए, जिससे बिना शुद्धिकरण के गंदा पानी तालाब में न पहुंचे और जल की गुणवत्ता बनी रहे।
शीतला तालाब संरक्षण का मुद्दा भी उठाया
ग्रीन आर्मी ने शीतला तालाब (पचपेड़ी नाका, सर्वोदय नगर) के संरक्षण का विषय भी प्रमुखता से उठाया। संगठन ने तालाब क्षेत्र को अवैध कब्जों से मुक्त कराने और उसे उसके मूल स्वरूप में सुरक्षित रखने की मांग की।
नगर निगम व प्रशासन से समन्वित कार्रवाई की मांग
ज्ञापन की प्रतिलिपि नगर निगम आयुक्त, सभापति एवं महापौर को भी सौंपी गई, ताकि विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से तालाब संरक्षण के लिए ठोस और स्थायी निर्णय लिए जा सकें।
इस अवसर पर ग्रीन आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे सहित गुरदीप टुटेजा, मोनिका बागरेचा, भारती श्रीवास्तव, राधिका यदु, अशोक धनकर, राजू लाल यादव, विनय चौरे और विजय शेवालकर उपस्थित रहे।




