Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

भौतिक सत्यापन में पाई गई कमी, प्रशासन ने सील किया राइस मिल, हजारों क्विंटल धान-चावल जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध धान भंडारण और कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को राजस्व, खाद्य, पुलिस और मंडी समिति की संयुक्त टीम ने पितावली राइस मिल पर छापेमारी की। जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर मिल को सील कर दिया गया।

भौतिक सत्यापन के दौरान मिल परिसर में मौजूद धान और चावल का स्टॉक, मंडी अभिलेखों में दर्ज आंकड़ों से मेल नहीं खा रहा था। रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाए जाने से हेराफेरी की आशंका गहराई है।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने पितावली राइस मिल से 26,329 क्विंटल धान (लगभग 65,823 कट्टे) और 1,733.63 क्विंटल चावल (लगभग 3,567 कट्टे) जब्त किया। इसके अलावा मंडी से धान लेकर जा रहे चार ट्रकों को भी जब्त कर महासमुंद थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

प्रशासन की जांच में यह भी सामने आया है कि जिले में कस्टम मिलिंग के तहत पंजीकृत 172 राइस मिलों में से अब तक 108 मिलों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। इसमें 10 राइस मिलों में रिकॉर्ड से कम धान पाया गया, जबकि 31 मिलों में रिकॉर्ड से अधिक धान का स्टॉक मिला है। इन सभी मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परिवहन और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button