मंदिर हसौद में कलेक्टर का सघन औचक निरीक्षण, नगर पालिका परिषद कार्यालय की समीक्षा, स्कूलों में बच्चों से संवाद, अमृत मिशन की पानी टंकी की गुणवत्ता जांची

रायपुर, 12 फरवरी 2026/ कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज मंदिरहसौद क्षेत्र का सघन एवं औचक निरीक्षण कर विभिन्न संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर डॉ सिंह ने नगर पालिका परिषद मंदिरहसौद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीटिंग व्यवस्था, स्थापना शाखा, शौचालय, स्टॉफ उपस्थिति तथा कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा की। प्लेसमेंट कर्मचारियों के भुगतान रजिस्टर का अवलोकन कर अभिलेखों की जांच की। कलेक्टर ने समय पर उपस्थिति दर्ज करने के सख्त निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि अनुपस्थित पाए जाने अथवा अटेंडेंस दर्ज नहीं होने की स्थिति में संबंधित दिवस का वेतन काटा जाएगा। साथ ही कार्यालय परिसर को सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने के भी निर्देश दिए।
इसी प्रकार कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला रावणभाठा एवं शासकीय प्राथमिक शाला मंदिरहसौद का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से पढ़ाई की जानकारी ली तथा शिक्षकों की उपस्थिति जांची। मध्यान्ह भोजन, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता परखी और निर्धारित मेन्यू की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। कक्षा 4वीं की छात्रा पुनेश्वर नौरंगे से 4 का पहाड़ा पूछने पर छात्रा ने सही तरीके से पहाड़ा सुनाया, जिस पर कलेक्टर ने उसकी सराहना की।
दौरे के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला के सामने संचालित एक पान ठेले पर तंबाकू विक्रय होते पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल ठेला सील करने के निर्देश दिए और विद्यालयों के आसपास प्रतिबंधित सामग्री के विक्रय पर सख्ती बरतने को कहा।
इसी प्रकार कलेक्टर ने अमृत मिशन योजना के तहत निर्मित पानी टंकी का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम आरंग श्रीमती अभिलाषा पैकरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




