दोपहिया वाहन चोरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शातिर चोर समेत तीन गिरफ्तार, चार मोटरसाइकिलें बरामद

रायपुर। दोपहिया वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर वाहन चोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसे अज्ञात वाहन चोरों की पहचान कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम द्वारा चोरी की घटनाओं के स्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर नियमित पेट्रोलिंग और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से जानकारियां जुटाई गईं।
इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि शहजाद अली उर्फ भिंडी, जो एक शातिर वाहन चोर है, अलग-अलग मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने उसे एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। वाहन के वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने साथी बाबू खान और अली खान के साथ मिलकर रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल चार मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत की चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों में मौदहापारा, धरसींवा, कबीर नगर और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों में दर्ज प्रकरण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शहजाद अली उर्फ भिंडी पूर्व में भी ऑटो और दोपहिया वाहन चोरी सहित लूट के करीब 10 मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




