छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर में बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन : C-60 कमांडो की कार्रवाई में 7 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

बीजापुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे अबूझमाड़ इलाके में सुरक्षाबलों का बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी है। बीजापुर जिले की सीमा से सटे इस दुर्गम क्षेत्र में महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ता C-60 कमांडो द्वारा चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें अब तक 7 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, C-60 कमांडो ने गुरुवार दोपहर बाद ऑपरेशन की शुरुआत की थी। दो दिनों से चल रही इस मुठभेड़ में जवानों ने अब तक 7 नक्सलियों के मार गिराया है। पहले दिन 3 और दूसरे दिन 4 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में 25 लाख का इनामी नक्सली नेता प्रभाकर भी शामिल बताया जा रहा है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल से 3 एके-47, 1 एसएलआर राइफल सहित अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल पूरे इलाके में सघन सर्चिंग अभियान जारी है।
लोहा लेते हुए एक जवान शहीद
इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को भी बड़ा नुकसान हुआ है। C-60 कमांडो जवान दीपक मंडावी नक्सलियों से बहादुरी से लड़ते हुए शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि शहीद जवान ने अंतिम समय तक मोर्चा संभाले रखा और दो नक्सलियों को ढेर करने के बाद वीरगति को प्राप्त हुए। शहीद जवान को नम आंखों से अंतिम सलामी दी गई।
फिलहाल सुरक्षाबल ऑपरेशन को आगे बढ़ाते हुए इलाके में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।




