Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

चैतन्य बघेल की रिहाई के बाद कांग्रेस में उत्साह, नेता प्रतिपक्ष महंत बोले- सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को शराब घोटाला मामले में सशर्त जमानत मिलने और रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा होने के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने चैतन्य बघेल की रिहाई के बाद सेंट्रल जेल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर साझा की है।

फेसबुक पोस्ट में चरणदास महंत ने लिखा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं।” उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल को जमानत मिलने के बाद आज सेंट्रल जेल पहुंचकर उनके उत्साहवर्धन में शामिल हुआ। महंत ने अपने संदेश में भावुक अंदाज़ में लिखा कि षड्यंत्रों के बादल अब छंट चुके हैं और न्याय का सूरज निकल आया है।

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि वे और उनका दल इस संघर्ष में साथ खड़े रहे हैं और न्याय के लिए यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि यह मामला राजनीतिक द्वेष और दुर्भावना से प्रेरित था, लेकिन अंततः सच्चाई सामने आई है और न्याय की जीत हुई है।

गौरतलब है कि चैतन्य बघेल को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से प्रवर्तन निदेशालय (ED) और ACB/EOW से जुड़े मामलों में सशर्त जमानत मिली है। 168 दिनों तक जेल में रहने के बाद उनकी रिहाई को कांग्रेस नेताओं ने न्याय और सत्य की जीत के रूप में बताया है। चैतन्य बघेल की रिहाई के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और लगातार नेता उनके समर्थन में बयान दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button