Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

CMHO पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाकर स्वास्थ्य संयोजक संघ का बड़ा आंदोलन : जिलाध्यक्ष के निलंबन पर उबाल, CMHO कार्यालय का संभाग स्तरीय घेराव

मुंगेली। स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ द्वारा जिला मुंगेली के जिलाध्यक्ष डोम प्रकाश कश्यप के कथित(आरोप के अनुसार) द्वेषपूर्ण, अन्यायपूर्ण एवं तानाशाहीपूर्ण निलंबन के विरोध में सोमवार को संभाग स्तरीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में संभाग के विभिन्न जिलों से स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी, जिलाध्यक्ष, पदाधिकारी एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान CMHO पर तानाशाही रवैया अपनाने और कर्मचारियों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई। आंदोलन को शिक्षक फेडरेशन सहित अन्य संगठनों का भी समर्थन मिला।संघ का आरोप है कि CMHO मुंगेली द्वारा जिलाध्यक्ष डोम प्रकाश कश्यप को द्वेषपूर्ण भावना से निलंबित किया गया है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। संघ ने इस निलंबन को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर बहाली की मांग की। आंदोलनरत पदाधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो स्वास्थ्य मंत्री के काफिले को रोकने सहित चरणबद्ध एवं अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा, साथ ही हाईकोर्ट की शरण भी ली जाएगी।

आंदोलन के दबाव में CMHO कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तीन दौर की चर्चा हुई। चर्चा के बाद फिलहाल यह सहमति बनी कि 23 जनवरी तक जांच पूर्ण कर जिलाध्यक्ष की बहाली की जाएगी। इस संबंध में संघ द्वारा लिखित समझौता पत्र सौंपा गया।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष टार्जन गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यदि तय तिथि तक बहाली नहीं होती है तो पूरे प्रदेश में CMHO मुंगेली को हटाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष टार्जन गुप्ता, प्रदेश सचिव प्रवीण ढीड़वंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश जायसवाल, महिला प्रकोष्ठ की सरोज बाघमार, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश पटेल, आईटी सेल प्रभारी संत लाला साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष मिर्जा कासिम बेग, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष रामशीला साहू, के. रिजवी, जिलाध्यक्ष डोम प्रकाश कश्यप सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और सैकड़ों RHO कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button