ड्रग तस्करी पर रायपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई पंजाब से आने वाले चिट्टा पर लगातार प्रहार, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर / रायपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष रूप से पंजाब राज्य की ओर से आने वाले ड्रग्स पर सतत निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सक्रिय अधिकांश पुराने ड्रग तस्करों और पैडलरों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया जा चुका है। इसके साथ ही कुछ नए लोग, जो स्वयं ड्रग का सेवन करते हैं, उनके द्वारा पंजाब से चिट्टा लाकर उसकी अवैध बिक्री प्रारंभ करने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस पहले से ही इनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। पुख्ता सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चिट्टा जप्त किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस विभाग ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। ड्रग तस्करी से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा इस प्रकार की गतिविधियों पर आगे भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।




