Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

संभागायुक्त महादेव कावरे ने राजिम कुंभ कल्प 2026 की तैयारियों को लेकर ली समीक्षा बैठक

रायपुर। राजिम कुंभ कल्प 2026 के सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन के संबंध में आज राजिम स्थित सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रायपुर संभागायुक्त महादेव कावरे ने की। बैठक में कलेक्टर गरियाबंद बी.एस. उइके सहित रायपुर, धमतरी एवं गरियाबंद जिलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजिम कुंभ कल्प मेला श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संभागायुक्त श्री कावरे ने निर्देशित किया कि मेला स्थल में श्रद्धालुओं के लिए समस्त आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अंतर्गत मुख्य मंच, विभागीय स्टॉल, दुकानें, मीना बाजार, फूड जोन, हेलीपैड एवं वृहद पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।

संभागायुक्त ने रायपुर, धमतरी एवं गरियाबंद जिलों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री उइके ने भी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का तत्परता से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी शशिगानंदन के., सीईओ जिला पंचायत प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पवन प्रेमी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चंद्राकर, उप संचालक संस्कृति एवं पुरातत्व प्रतापचंद पारख, एसडीएम राजिम विशाल महाराणा, जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीएचई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त श्री कावरे ने निर्देश दिए कि गंगा आरती स्थल से मेला स्थल तक नदी किनारे कनेक्टिंग रोड, सजावट एवं लाईटिंग, शौचालय, हाईमास्ट लाईट, कंट्रोल रूम, पेयजल हेतु पाइपलाइन, बस स्टैंड से नवीन मेला स्थल तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बस व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं स्वास्थ्य सुविधाएं, दाल-भात केंद्र, दुकानों एवं फूड जोन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही वन विभाग को बांस-बल्ली, जलाऊ लकड़ी एवं साधुओं के लिए कुटिया निर्माण हेतु घास की व्यवस्था, पुलिस विभाग को सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था तथा नगरीय निकायों को साफ-सफाई, कचरा निष्पादन एवं डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए गए। मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों में रंग-रोगन एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक के पश्चात संभागायुक्त श्री महादेव कावरे एवं कलेक्टर बी.एस. उइके ने अधिकारियों के साथ नवीन मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, वीआईपी एवं सामान्य पार्किंग, मीना बाजार, फूड जोन, कंट्रोल रूम, आम नागरिकों की आवाजाही, हेलीपैड स्थल, राजीव लोचन मंदिर, संत समागम एवं गंगा आरती स्थल से नए मेला स्थल तक नदी किनारे चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button