13 निकायों में दिसंबर में होंगे चुनाव : भाजपा की चुनावी तैयारी तेज, सांसद संतोष पांडेय ने कहा – निगम में भी भाजपा की सरकार बनाएंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 13 नगरीय निकायों में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव होगा। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा कार्यालय में निकाय चुनाव को लेकर आज महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।
बैठक में चुनाव वाले निकायों के प्रभारी और सहप्रभारी के साथ सभी संबंधित जिलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव और ओपी चौधरी के साथ मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दयालदास बघेल, राजेश अग्रवाल और टंक राम वर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा चुनाव वाले निकायों से संबंधित सांसद और विधायक भी बैठक में शामिल हुए।

दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित निकाय चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन ने जमीनी स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में चुनावी निकायों में संगठन की स्थिति, स्थानीय समीकरण और चुनावी प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई। पार्टी का फोकस निकाय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और चुनाव की रणनीति तैयार करने पर है।
निगम में भी भाजपा की सरकार बनाएंगे : सांसद
बीजेपी की बैठक को लेकर सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा, पंचायत, पार्षद से लेकर पार्लियामेंट तक अंत्योदय का भाव पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। नगर पालिका और नगर निगम में भी भाजपा की सरकार बने, इसके लिए संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बैठक लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी है।
चयन प्रक्रिया के लिए तीन स्तर पर बनेगी समिति
बैठक में मंत्री, विधायक, महापौर और विभिन्न क्षेत्रों के प्रभारी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कल से लेकर चुनाव पूर्व तक किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। चुनावी मैदान में उतरने से पहले संगठनात्मक तैयारियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। नए लोगों को जोड़ने और संगठन में नयापन लाने पर भी जोर दिया गया। चयन प्रक्रिया के लिए तीन स्तर पर समितियों का गठन होगा, जिसमें जिला, संभाग और प्रदेश स्तर पर चयन समिति बनेगी।
‘अमरजीत सिंहदेव से निपट लें, फिर बयानबाजी करें’
कांग्रेस नेता अमरजीत भगत द्वारा स्मृति ईरानी को गब्बर कहे जाने पर सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा, अमरजीत भगत पहले टीएस सिंहदेव से निपट लें, फिर इस तरह की बयानबाजी करें। हमें अपनी प्रभारी स्मृति ईरानी का लगातार मार्गदर्शन मिल रहा है। स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ आगमन से प्रदेश में ऊर्जा का संचार हुआ है। स्मृति ईरानी से कांग्रेस भयभीत है, राहुल गांधी तो थर-थर कांपते हैं। स्मृति ईरानी का व्यक्तित्व सरल है, उनका मार्गदर्शन ऊर्जादायी है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रदेश संगठन को दिशा मिल रही है।




