Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

माना बस्ती के तालाब बनेंगे पक्षी विहार: प्रवासी पक्षियों को मिलेगा सुरक्षित प्राकृतिक आवास, जनपद CEO ने पंचायत को कार्ययोजना बनाने दिए निर्देश

रायपुर। माना बस्ती के तालाबों को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जाएगी। यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने के लिए तालाबों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया जाएगा। जनपद पंचायत धरसींवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी ने ग्राम पंचायत माना बस्ती का निरीक्षण कर पंचायत को इस संबंध में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन के निर्देश पर जिले में ग्रामीण विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में केशरवानी ने माना बस्ती पहुंचकर शासकीय विद्यालयों, पंचायत भवन और तालाबों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, पंचायत की व्यवस्थाओं और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए।

बालिका शौचालय निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में निर्माणाधीन बालिका शौचालय का काम धीमी गति से चलने पर जनपद सीईओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। ऐसे कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

पोषण वाटिका की सराहना

विद्यालय परिसर में विकसित पोषण वाटिका का निरीक्षण करते हुए जनपद सीईओ ने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि पोषण वाटिका के माध्यम से बच्चों को हरी सब्जियों, पौष्टिक आहार और संतुलित भोजन के महत्व की जानकारी मिलती है। इससे बच्चों में पौधों के प्रति लगाव बढ़ता है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी विकसित होती है। उन्होंने इसे बच्चों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अच्छी पहल बताया।

तालाबों को पक्षी विहार के रूप में विकसित करने की तैयारी

माना बस्ती के तालाबों में प्रवासी पक्षियों की आवक को देखते हुए जनपद सीईओ ने इन्हें पक्षी विहार के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। तालाबों का संरक्षण, साफ-सफाई और संवर्धन कर उन्हें पक्षियों के अनुकूल प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे प्रवासी और स्थानीय पक्षियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। साथ ही, ग्रामीणों में पक्षी संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

पंचायत की आय बढ़ाने कर वसूली पर जोर

निरीक्षण के दौरान पंचायत की आय और राजस्व व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जनपद सीईओ ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंचायत के निर्धारित करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत की अपनी आय बढ़ने से गांव में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसके लिए पंचायत स्तर पर कर वसूली की नियमित समीक्षा करने और राजस्व संग्रहण में तेजी लाने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान करारोपण अधिकारी गजेश यदु, ग्राम पंचायत की सरपंच सुनीता लेखु बैश, पंचायत सचिव लता सेन, रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button