Home
🔍
Search
Videos
Stories
छत्तीसगढ़

रायपुर में ‘गढ़बो हमर व्यापार’ कार्यक्रम का आयोजन: 5 संभागों के व्यापारी हुए शामिल, सरकारी नीति से लेकर AI तक सीखा बिजनेस बढ़ाने का फार्मूला

रायपुर। छत्तीसगढ़ उद्योग विभाग (सीएसआईडीसी) एवं छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को रायपुर के विमतारा में आयोजित ‘गढ़बो हमर व्यापार’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यापारियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजकों की अपेक्षा से अधिक संख्या में व्यापारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से पहुंचे व्यापारियों ने व्यापार को आगे बढ़ाने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से व्यवसाय को विस्तार देने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। उपस्थित व्यापारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन लगातार अलग-अलग संभागों एवं जिलों में किए जाने की आवश्यकता जताई।

औद्योगिक नीति एवं सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

औद्योगिक नीति एवं सरकारी योजनाओं पर जानकारी देते हुए उद्योग विभाग की असिस्टेंट डायरेक्टर सोमानी मंडलोई ने छत्तीसगढ़ शासन की औद्योगिक नीति 2024–2030 के प्रमुख प्रावधानों, नए उद्योगों की स्थापना, स्टार्टअप, नवाचार तथा विभिन्न श्रेणियों की औद्योगिक इकाइयों को मिलने वाले प्रोत्साहन एवं सब्सिडी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं बड़ी औद्योगिक इकाइयों के लिए उपलब्ध योजनाओं और पात्रता के अनुरूप मिलने वाली सरकारी सहायता के बारे में बताया। इस सत्र का उद्देश्य व्यापारियों एवं नए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें उद्योग एवं व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

टैक्स, ऑनलाइन व्यापार और ONDC पर मार्गदर्शन

प्रशिक्षक सीए विवेक कुमार साहू ने टैक्स से संबंधित महत्वपूर्ण बारीकियों की जानकारी देते हुए व्यापारियों को कर संबंधी नियमों एवं व्यावसायिक प्रक्रियाओं को समझने के लिए मार्गदर्शन दिया। वहीं, ऑनलाइन व्यापार एवं ONDC के संबंध में अभिजीत राय ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापार को विस्तार देने की संभावनाओं पर जानकारी साझा की।

AI और पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग पर विशेष सत्र

AI विशेषज्ञ सौरभ सराफ ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग, व्यापारिक कार्यों में इसके महत्व तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के तरीकों पर प्रकाश डाला। पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग के विषय पर आनंद वर्धन (SPIU, CSIDC) ने जानकारी देते हुए व्यवसाय में पर्यावरण के अनुकूल पैकेजिंग अपनाने की आवश्यकता एवं उसके महत्व को समझाया।

छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना महासंघ का प्रमुख उद्देश्य: शेखर वर्मा

छत्तीसगढ़िया वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शेखर वर्मा ने कहा कि महासंघ की स्थापना के समय से ही हमारा प्रमुख उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ाना, उन्हें व्यापार में आने वाली कठिनाइयों का समाधान उपलब्ध कराना तथा छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों को व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में आगे लाना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें नई जानकारियों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों को मार्गदर्शन देने का प्रयास जारी रहेगा।

नियमित रूप से संभाग एवं जिला स्तर पर हों प्रशिक्षण कार्यक्रम

महासंघ के उपाध्यक्ष दिलीप टिकरिया एवं ईश्वर पटेल ने संयुक्त रूप से बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। व्यापारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता यह दर्शाती है कि वे अपने व्यवसाय को नई दिशा देने, सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल व्यापारियों ने प्रशिक्षण की सराहना की और अपेक्षा व्यक्त की कि इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से संभाग एवं जिला स्तर पर भी किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक व्यापारियों तक उपयोगी जानकारी पहुंच सके। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।

स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी और आपसी सहयोग पर जोर

महासंघ के महासचिव कुबेर चंद्राकर ने प्रशिक्षकों एवं कार्यक्रम में शामिल सभी व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि छत्तीसगढ़िया व्यापारी एकजुट होकर आगे बढ़ें। एकता में ही शक्ति है। यदि हम एक-दूसरे के व्यवसाय को सहयोग दें और स्थानीय व्यापारियों से स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक खरीदारी एवं व्यापारिक सहयोग को प्रोत्साहित करें, तो इससे न केवल हमारे व्यापार का विस्तार होगा, बल्कि हमारे साथी छत्तीसगढ़िया व्यापारियों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि आपसी विश्वास, सहयोग और संगठन की मजबूती के माध्यम से स्थानीय व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर महासंघ के उपाध्यक्ष आशीष साहू एवं पुनारद निषाद, कोषाध्यक्ष ललित साहू, विजय चंद्रवंशी, गुलाब साहू, दिनेश सारसीहा, देवेंद्र सांभकर, रामशरण टंडन, घनश्याम सिन्हा, नागेश्वर वर्मा, टीकम सिंह ठाकुर, पारस पटेल, यश साहू, त्रिलोचन साहू, लक्ष्मण साहू, गोविंद यादव, लालजी साहू, नारायण साहू, रजनी चंद्रवंशी सहित छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से आए अनेक व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button